चंदौली। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मारुफपुर स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार निजी स्कूल बस की चपेट में आने से साइकिल सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा काफी प्रयास के बावजूद मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हो सका, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पहचान कराने की कोशिशों में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतक अधेड़ व्यक्ति सफेद रंग की शर्ट और काले रंग की छींटेदार पैंट पहने हुए है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के साथ-साथ पुलिस सोशल मीडिया और स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही दुर्घटना के कारणों और स्कूल बस के चालक की लापरवाही की भी गहनता से जांच की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए बलुआ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि “घटनास्थल से दुर्घटना में शामिल बस की पहचान और तस्वीर दर्ज कर ली गई है। प्राथमिकता के आधार पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।”