चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय-रानेपुर मार्ग पर टेढकी पुलिया के पास शुक्रवार की रात बेखौफ बदमाशों ने एक बाइक सवार थोक व्यापारी को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से व्यापारी सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसके झोले व पर्स में रखे करीब 1.20 लाख रुपये नकद लूटकर रानेपुर की ओर फरार हो गए।

तगादा कर लौट रहे थे व्यापारी
पीड़ित रतन बरनवाल, निवासी बलुआ सराय, चहनियां कस्बे में पतंजलि उत्पादों के थोक विक्रेता हैं। शनिवार को वह सकलडीहा क्षेत्र के दुकानदारों से बकाया रकम का तगादा कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि तिराहे से कुछ ही दूरी पर चार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उनकी बाइक रोक ली और ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

घटना के बाद खून से लथपथ पीड़ित व्यापारी बलुआ थाने पहुंचा और तहरीर दी। व्यापारी के साथ हुई इस दुस्साहसिक लूट से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने घटना का जल्द खुलासा कर लुटेरों की गिरफ्तारी नहीं की, तो व्यापारी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

सीओ पहुंचे पीड़ित के घर, जांच में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा पीड़ित व्यापारी के घर पहुंचे और घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और अपराधियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।