चंदौली। मुगलसराय नगर के व्यस्ततम इलाके कैलाशपुरी में शुक्रवार सुबह उचक्कों ने चोरी की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। ई-रिक्शा (टोटो) से घर लौट रही एक महिला सर्राफा व्यवसायी के गले से शातिरों ने करीब 8 ग्राम वजनी सोने की चेन पार कर दी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कैलाशपुरी निवासी अशोक सेठ की पत्नी पुष्पा सेठ (55 वर्ष) की रस्तोगी गली में 'जेवर कोठी' नाम से आभूषण की दुकान है। शुक्रवार सुबह वह दुकान से ई-रिक्शा में सवार होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सफर के बीच अज्ञात बदमाशों ने बेहद सफाई से उनके गले में पहनी सोने की चेन गायब कर दी। घर पहुंचने पर जब महिला का ध्यान गले पर गया, तो चेन गायब देख उनके होश उड़ गए।
पीड़िता ने तत्काल मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।