उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ 28 सितंबर को चंदौली में विशाल धरना-प्रदर्शन करेगा। जिला महामंत्री राजेश सिंह ने शिक्षामित्रों से 'अभी नहीं तो कभी नहीं' के नारे के साथ भारी संख्या में जुटने की अपील की है।
चंदौली। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने अपनी लंबित मांगों और सरकार की उपेक्षा के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। वर्षों से स्थायीकरण और सम्मानजनक मानदेय के लिए संघर्ष कर रहे शिक्षामित्र आगामी 28 सितंबर को चंदौली जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर एक विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे।
संघ के जिला महामंत्री राजेश सिंह ने जनपद के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, महामंत्री, पदाधिकारियों और शिक्षामित्र साथियों से एकजुट होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की बेरुखी के कारण शिक्षामित्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिक्षामित्र संघ ने "अभी नहीं तो कभी नहीं" का नारा देते हुए सभी सदस्यों से 28 सितंबर के धरने में भारी से भारी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने की अपील की है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यह लड़ाई उनके अधिकार और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अत्यंत निर्णायक साबित होगी।