चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ित ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़ित के भाई ने शहाबगंज थाने में तहरीर देकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
​गांव निवासी विकास कुमार गोविंदपुर मार्ग की ओर गया था। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल से मुंह बांधकर पहुंचे दो बदमाशों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते हमलावरों ने धारदार हथियार से उस पर वार कर दिया।
​अचानक हुए हमले से घबराया विकास किसी तरह खुद को बचाकर गांव की तरफ भागा। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल विकास को उपचार के लिए ले गए। पीड़ित के भाई मुंशी राम ने थाने में तहरीर देकर बताया कि हमलावरों के मुंह ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।