चन्दौली। शहाबगंज विकास खण्ड के कर्मनाशा नदी पर बने पुल पर सोमवार को हुए हादसे में दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद क्षेत्रीय जनता का गुस्सा फूट पड़ा है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि यह दुर्घटना पूरी तरह से प्रशासन की लापरवाही और पुल पर रोशनी का प्रबंध न होने के कारण घटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस व्यस्त मार्ग से रोजाना दर्जनों गांवों के लोग गुजरते हैं, लेकिन रात होते ही यह पुल अंधेरे में डूब जाता है। रोशनी न होने की वजह से चालकों को सामने से आ रहे वाहन या गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। सोमवार को भी अंधेरे के कारण ही दुर्घटना हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कर्मनाशा पुल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन और चक्का जाम करने के लिए विवश होंगे।