चंदौली । सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को युवाओं की एक बड़ी और प्रभावशाली जुटान देखने को मिली। क्षेत्रीय विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के आवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में युवा और समाजवादी कार्यकर्ता पहुंचे।
​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के कारण आज समाज का हर वर्ग त्रस्त है, जिसका सबसे बुरा असर युवाओं, किसानों और आम जनता पर पड़ रहा है।
​विधायक ने कहा कि सरकार भले ही बड़े-बड़े विकास के दावों और आर्थिक आंकड़ों की दुहाई दे, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। आज युवाओं के सामने रोजगार का भारी संकट खड़ा है और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसानों की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सिंचाई की उचित व्यवस्था न होना और जलभराव की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन सरकार के पास इनका कोई स्थायी समाधान नहीं है।
​इसके साथ ही उन्होंने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि युवा अब अपने भविष्य और अधिकारों को लेकर पूरी तरह जागरूक हो चुके हैं। जनहित और समाज के अंतिम व्यक्ति के न्याय के लिए अब चुप बैठने के बजाय मजबूती से आवाज उठाने का समय आ गया है।
कार्यक्रम में सपा पदाधिकारी अनिल यादव, प्रभात यादव, बबलू यादव, जितेंद्र यादव, संजय यादव, मुलायम यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।