सकलडीहा। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास से बिहार ले जाई जा रही 48 केन (24 लीटर) बीयर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम बुधवार की रात करीब 11:30 बजे सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाकर उन्हें रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 48 केन किंगफिशर बीयर (प्रत्येक 500 मिली) बरामद हुई।

ट्रेन के जरिए बिहार में तस्करी का खेल
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रोशन कुमार श्रीवास्तव (21 वर्ष), निवासी राजाबाजार बिहिया, थाना बिहिया, जनपद भोजपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी होने के कारण वह उत्तर प्रदेश की लाइसेंसी शराब दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बीयर खरीदता था। इसके बाद इसे ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था।
सकलडीहा पुलिस ने कुल 24 लीटर बीयर को जब्त करते हुए थाना सकलडीहा पर संबंधित धाराओं (मु.अ.सं. 195/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम) के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक गोपाल तिवारी, हेड कांस्टेबल राकेश यादव तथा कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।