चंदौली। सकलडीहा पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और नवाचार का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय 'यंग एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम' (Young Entrepreneurship Program) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 'आविष्कार फाउंडेशन' (Aavishkaar Foundation) द्वारा किया गया था।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर 2026 को पं. कमलापति त्रिपाठी राजकीय पीजी कॉलेज, चंदौली में संपन्न हुआ। इसमें जिले के विभिन्न राजकीय एवं अनुदानित महाविद्यालयों की चयनित टीमों ने अपने बिजनेस प्लान और व्यावसायिक विचारों को निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया।

'Re-Grow' आइडिया ने जमाई धाक
सकलडीहा पीजी कॉलेज की टीम ने “Re-Grow” नामक अभिनव व्यावसायिक विचार का प्रभावी प्रस्तुतीकरण कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में बीए प्रथम सेमेस्टर के चार होनहार छात्र आरती कुमारी, अमृता, अभय कुमार और आलोक शामिल रहे।
विद्यार्थियों की इस सफलता में अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसरों प्रो. इंद्रदेव सिंह, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. योगेंद्र तिवारी एवं डॉ. मीनू श्रीवास्तव का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा।

प्राचार्य ने दी बधाई
छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने विजेता छात्रों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा, "यह सफलता विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशील दृष्टिकोण का परिचायक है। आज के दौर में युवाओं को केवल रोजगार पाने के बारे में ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में भी सोचना चाहिए।"