चंदौली। सकलडीहा पीजी कॉलेज परिसर स्थित ध्वज स्थल पर सोमवार को 'सेवा संकल्प कार्यक्रम' के तहत "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" विषय पर एक भव्य नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी सशक्त प्रस्तुति और जीवंत अभिनय से बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देकर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश की महिलाओं को समान अवसर, सुरक्षा और शिक्षा मिले। समाज के सर्वांगीण विकास में नारियों की भागीदारी बेहद अहम है।

इसके पश्चात महाविद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं—पूजा कुमारी, डंपी यादव, सोनी जैस्मिन, अनु यादव, नेहा एवं सपना ने नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रस्तुति और ओजस्वी संवादों के माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण, उनकी सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के महत्व को बेहद मार्मिक ढंग से रेखांकित किया।

कार्यक्रम का सफल संयोजन डॉ. राजेश यादव, यज्ञनाथ पांडेय एवं डॉ. अजय कुमार सिंह यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. समीम राईन, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. सीता मिश्रा, अजय कुमार यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।