सकलडीहा के पौनी गांव में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक संदेशों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।
चंदौली। भारतीय जनता पार्टी के 'सेवा संकल्प' अभियान के तहत सकलडीहा क्षेत्र की ग्राम सभा पौनी में एक भव्य नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। बरहनी ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह के नेतृत्व तथा मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत बिंद की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
नाटक के जरिए दिया सामाजिक व जनकल्याणकारी संदेश
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने अपनी प्रभावी प्रस्तुति और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। नाटक के जरिए स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति, और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।
कलाकारों ने अपनी कला से सेवा, संगठन और समर्पण के भाव को जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान उपस्थित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तार से रेखांकित किया और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जिला मंत्री भगवती तिवारी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिनेश तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष आलोक राय, मंडल मीडिया प्रभारी मनीष वर्मा, विवेक श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान मदन मौर्या, मंडल मंत्री प्रदीप पासवान, विधायक प्रतिनिधि अरविंद सिंह, जयप्रकाश उपाध्याय, जयप्रकाश सिंह, सतीश गोड़, पप्पू राय, गुलाब राय सहित सैकड़ों ग्रामीण, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।