कमालपुर। सकलडीहा थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसकी बहन और दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कादिराबाद निवासी शुभम सिंह (24) अपनी बहन नेहा सिंह (30) के साथ नौरंगाबाद स्थित जनसहज सेवा केंद्र से पैसे निकालकर बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सड़क पार करने लगे, तभी सकलडीहा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत शुभम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में शुभम की बहन नेहा सिंह का पैर फ्रैक्चर हो गया है। दूसरी बाइक सवार अभिषेक (30), पुत्र श्रीप्रताप (निवासी मिर्जापुर, थाना धानापुर) भी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

एक पल में मातम में बदलीं खुशियां
पैसे निकालकर सकुशल घर लौट रहे शुभम के असमय निधन की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। एक ही झटके में हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझ गया, जबकि अस्पताल में भर्ती बहन अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा के प्रति बढ़ती लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।