सकलडीहा। सकलडीहा कस्बे के प्राचीन शिव सरोवर और मुख्य मार्गों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। शनिवार को होने वाले जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) पर्व पर नागेपुर, टिमिलपुर और तेंदुई सहित दर्जनों गांवों की व्रती महिलाएं यहाँ पूजन के लिए एकत्र होती हैं।

​स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते एक सप्ताह से शिकायत के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल है और अधिकारी छुट्टी का बहाना बनाकर टालमटोल कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने जल्द सफाई न होने पर जिलाधिकारी (DM) से शिकायत की चेतावनी दी है।

​उधर, एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने बताया कि पंचायत सचिवों को तत्काल कर्मचारियों को भेजकर घाटों और रास्तों की सफाई कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।