सकलडीहा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दैनिक भास्कर के पत्रकार व समाजसेवी अमित मौर्य ने अपने पुत्र सम्राट आदित्य मौर्य का जन्मदिन अनोखे व प्रेरणादायी अंदाज में मनाया। अहिकौरा स्थित एमबीएन कोचिंग सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत उन्होंने छात्र-छात्राओं को गांधी जी के विचारों से अवगत कराया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अमित मौर्य ने कोचिंग सेंटर के छात्र-छात्राओं की मौखिक परीक्षा ली और महात्मा गांधी के जीवन, सादगी तथा स्वच्छता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। परीक्षा में सही जवाब देने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं—अंशिका मौर्य, आर्यन मौर्य (कक्षा 5), आदर्श कुमार (कक्षा 6), प्रतिज्ञा कौशिक (कक्षा 7), मोहम्मद हसन (कक्षा 8), शिवांगी यादव (कक्षा 9) और शशिकांत यादव (कक्षा 10) को पुरस्कार स्वरूप आम के फलदार पौधे भेंट किए गए।

'एक पेड़ एक जिंदगी' संकल्प"
अमित मौर्य ने बच्चों को पौधे वितरित करते हुए उन्हें एक दोस्त की तरह सींचने और देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सदैव प्रकृति प्रेम और सादगी के समर्थक रहे हैं। अपने पुत्र के जन्मदिन पर पर्यावरण को सुरक्षित करने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ एक जिंदगी’ अभियान का संदेश देना ही उनका मुख्य ध्येय है। शिक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति मिली जिम्मेदारी से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोचिंग सेंटर के संचालक भगवान दास कनौजिया और शिक्षक सारनाथ यादव का विशेष सहयोग रहा।