चंदौली। सकलडीहा विकास खंड कार्यालय में पदस्थ सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) समाज कल्याण की लापरवाही से ग्रामीण और फरियादी हलकान हैं। अधिकारी पर अक्सर दफ्तर से गायब रहने का गंभीर आरोप लगा है। मंगलवार को भी उनके कार्यालय न पहुंचने के कारण मुख्य द्वार पर ताला लटकता रहा, जिससे पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं के सिलसिले में आए दर्जनों फरियादियों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, एडीओ समाज कल्याण की गैरहाजिरी का यह कोई पहला मामला नहीं है। वे स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भी झंडारोहण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे थे। मंगलवार को भी सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक दफ्तर का ताला नहीं खुला। इस दौरान अपनी वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन की समस्याओं के निस्तारण की आस में पहुंची लाचार बुजुर्ग महिलाओं और दिव्यांगों को दिनभर भटकने के बाद निराश होकर लौटना पड़ा।
पीड़ितों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी की इस मनमानी की शिकायत पूर्व में भी कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से की जा चुकी है। तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया और स्थिति जस की तस बनी हुई है।