चंदौली: सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोजापुर गांव के समीप करोड़ों रुपये की लागत से बन रही निर्माणाधीन पुलिस लाइन में गुरुवार की भोर एक 25 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर साथी मजदूर उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
​मृतक मजदूर की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले (मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र, बावला गांव) निवासी वापी मोमिन (25) पुत्र रोबिन मोमिन के रूप में हुई है। वह अपने चाचा के साथ यहां मजदूरी का काम करता था।
​घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में युवक को पहले भी हार्ट अटैक आने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।