चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंधासी स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक नाई का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के पालपुर निवासी मनोज शर्मा (44) पुत्र मार्कंडेय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनोज चंधासी में अपने रिश्तेदार अनिल शर्मा के साथ नाई की दुकान पर काम करता था। रविवार की सुबह वह अपनी दुकान पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद पेट्रोल पंप के पास उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनोज शनिवार को अपने तीन दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद काफी देर तक घूमता रहा था। शरीर पर चोट के निशानों और मौके के हालात को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटना से जुड़े एक क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल घटना से पहले मनोज के साथ मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस दुर्घटना समेत सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।