रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया से 1 अक्टूबर को परीक्षा देने के लिए निकला 15 वर्षीय छात्र शिवम तिवारी (शिबु) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
चंदौली। रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अपने निवास से 1 अक्टूबर की सुबह 10 बजे परीक्षा देने निकला 15 वर्षीय बालक शिवम तिवारी उर्फ शिबु संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
लापता छात्र के पिता रत्नेश तिवारी मूल रूप से ग्राम पिपरी, पोस्ट बर्थरा, तहसील सकलडीहा, जिला चंदौली के निवासी हैं और वर्तमान में रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया में रहकर काम करते हैं। शिवम स्थानीय स्कूल में पढ़ाई करता है और गुरुवार सुबह 10 बजे अपने घर से स्कूल की परीक्षा देने के लिए निकला था।
देर शाम तक जब शिवम घर नहीं पहुँचा, तो परिजनों ने स्कूल और आसपास के इलाकों सहित रिश्तेदारों के यहाँ पूछताछ की, पर उसका कोई पता नहीं चला। घटना के बाद से ही परिवार बेहद चिंतित है और उन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना देकर बालक की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।