अमड़ा में काला चावल प्रोड्यूसर कंपनी की छठी वार्षिक आम सभा आयोजित हुई। कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने किसानों को उत्तम बीज चयन, आधुनिक तकनीक और आय बढ़ाने के उपाय बताए।
कमालपुर। विकास खंड धानापुर क्षेत्र के अमड़ा गांव में मंगलवार को 'काला चावल प्रोड्यूसर कंपनी' की छठी वार्षिक आम सभा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती और आय बढ़ाने के गुर सिखाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली के प्रभारी डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि कंपनी ने आज पूरे देश में अपनी खास पहचान बनाई है। इससे जुड़े किसान कृषि क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं, जिससे कंपनी का नाम लगातार आगे बढ़ रहा है।
उत्तम बीज चयन और विविधीकरण से बढ़ेगी आय
राष्ट्रीय बीज निगम के सहायक प्रबंधक डॉ. योगेंद्र यादव ने किसानों को सलाह दी कि वे खेती में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने जोर देकर कहा, "बीज चयन में किसान किसी भी तरह का समझौता न करें। सही और उत्तम गुणवत्ता वाले बीज का चयन करके ही उत्पादन बढ़ाया जा सकता है, जिससे सीधे तौर पर आय में वृद्धि होगी।" इसके साथ ही उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, पुष्प कृषि और सब्जी उत्पादन अपनाने का सुझाव दिया।
सरकारी योजनाओं व नई तकनीकों की दी गई जानकारी
जिला कृषि अधिकारी विनोद यादव ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की क्रमवार जानकारी दी। वही कृषि वैज्ञानिक डॉ. जय प्रकाश ने किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों और फसलों को सुरक्षित रखने के प्रभावी उपाय बताए। उप निदेशक कृषि भीम सेन, अवर अभियंता मान सिंह मौर्य एवं वरिष्ठ लिपिक चंदन सिंह ने भी किसानों को कृषि उत्थान और पैदावार बढ़ाने के तरीके समझाए।
कंपनी ने प्रस्तुत किया आय-व्यय का ब्योरा
वार्षिक आम सभा में कंपनी के निदेशक रतन सिंह ने उपस्थित सदस्यों के समक्ष आय-व्यय का पूरा विवरण प्रस्तुत किया। वहीं निदेशक शशिकांत राय ने भविष्य में किसानों को और अधिक सुविधाएं व संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अच्युतानंद तिवारी, प्रेम शंकर सिंह, रिश्नारायण, विंध्यवासिनी राय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।