मुगलसराय के कबीरपुर में जल जीवन मिशन के पंप से ढाई लाख के उपकरण चोरी। मोटर पैनल का तार और मशीनें गायब होने से 4500 घरों में पानी की सप्लाई ठप, गांव में मचा हाहाकार। पुलिस जांच में जुटी।
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर (दरियापुर) गांव में बेखौफ चोरों ने जल जीवन मिशन के पंप को निशाना बनाकर करीब ढाई लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद पूरे गांव की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। पंप बंद होने से करीब 4,000 से 4,500 घरों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सुबह पंप खोलने पहुंचे ऑपरेटर के उड़े होश
कबीरपुर गांव निवासी पंप ऑपरेटर राहुल पटेल शनिवार सुबह जब रूटीन के तहत पंप स्टार्ट करने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। परिसर में सारा सामान बिखरा पड़ा था और कई मुख्य मशीनें व उपकरण गायब थे। चोरों ने कटर मशीन, ग्राइंडर मशीन, दो ड्रिल मशीन, एलटी पैनल की दो पंप मशीनें, पैनल का पूरा तार तथा पेंटिंग के लिए रखे 20 लीटर के छह डिब्बे डिस्टेंपर पेंट पार कर दिया।


साढ़े चार हजार आबादी पानी को तरसी
कबीरपुर गांव में इसी पंप हाउस के जरिए लगभग साढ़े चार हजार परिवारों को जलापूर्ति की जाती है। पंप में लगी 40 स्क्वायर की मोटर और पैनल से जुड़े उपकरण चोरी होने के कारण सुबह से ही सप्लाई बंद हो गई। पिछले दो वर्षों से जल जीवन मिशन के तहत बन रही इस व्यवस्था के अचानक ठप होने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्राम प्रधानपति महेश पटेल ने बताया कि चोरी के कारण गांव की बड़ी आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराकर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और औद्योगिक नगर चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर पंप परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश और सुराग जुटाने में लग गई है। इतने भारी-भरकम उपकरण और पेंट के डिब्बे ले जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।