पिपरी गांव की ज्ञान ज्योति ने गरीबी से जूझकर जौनपुर के सरकारी अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन का पद हासिल किया। मजदूर पिता की बेटी की इस सफलता पर समाजसेवियों ने घर पहुंचकर बधाई दी।
चंदौली। बेटियां बोझ नहीं, परिवार का मान होती हैं, इसे साबित किया है धीना थाना क्षेत्र के पिपरी गांव की ज्ञान ज्योति ने। गरीबी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद दिन-रात मेहनत कर ज्ञान ज्योति ने जौनपुर के सरकारी अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर नौकरी हासिल की है।
ज्ञान ज्योति ने अपनी इंटर तक की पढ़ाई हरिद्वार इंटर कॉलेज (बभनियांव, कमालपुर) से पूरी की। उनके पिता अशोक कुमार ने मजदूरी करके बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाया। बेटी की इस उपलब्धि पर भावुक पिता ने कहा कि उनकी बरसों की मेहनत और त्याग आज सफल हो गया।
सफलता की खबर मिलते ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य बंधु राम और भाजपा नेता/BDC आलोक राय ने ज्ञान ज्योति के घर पहुंचकर उनका मुंह मीठा कराया और बधाई दी। इस दौरान कुलदीप गौतम, सौरभ राय, संदीप कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।