चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हृदयपुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र पुरानापट्टी, पोस्ट प्यारी निवासी रितेश मिश्रा (37) के रूप में हुई है। मृतक छत्तीसगढ़ में कार्यरत था और छुट्टी लेकर गोंदिया-भुज एक्सप्रेस (ट्रेन सं. 15232) के S-2 कोच की सीट नंबर 48 पर सवार होकर घर लौट रहा था। सिर पर चोट के निशान और शव के पास से मोबाइल, बैग व पैंट गायब होने के कारण घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जीवनाथपुर के पास हुई थी आखिरी बात
परिजनों ने बताया कि रितेश 30 सितंबर को छत्तीसगढ़ से रवाना हुआ था। भाई से उसकी अंतिम बातचीत जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन के आसपास हुई। इसके बाद हृदयपुर के पास से उसका फोन बजता रहा, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। भोर में करीब चार बजे तक मोबाइल पर घंटी जाती रही, जिसके बाद अचानक फोन बंद हो गया। वाराणसी कैंट स्टेशन पर परिजनों ने पूरी बोगी खंगाली, लेकिन रितेश का कहीं सुराग नहीं मिला।
Mritak
सोशल मीडिया से हुई शिनाख्त
परिजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से हृदयपुर में अज्ञात युवक का शव मिलने की जानकारी हुई। जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस में परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सामान गायब होने से गहराया सस्पेंस
सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस, आरपीएफ व्यासनगर तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं, जबकि शरीर पर रुद्राक्ष की माला, शर्ट और अंडरवियर ही बचा था। उसका बैग, मोबाइल, पैंट तथा एक पैर का जूता मौके से गायब मिला।
मामले में डीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी सम्भावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।