गंगा नदी पर 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले भव्य एयर शो की तैयारियों को लेकर चंदौली DM और SP ने स्थलीय निरीक्षण किया। लाखों दर्शकों की सुरक्षा व पार्किंग के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
चंदौली/वाराणसी। गंगा नदी के ऊपर आगामी 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस 90 मिनट के ऐतिहासिक आयोजन में भारतीय वायु सेना के जांबाज जांबाज विभिन्न प्रकार के लड़ाकू विमानों व एयरक्राफ्ट से हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएंगे। गंगा के दोनों तटों पर उमड़ने वाली लाखों की संभावित भीड़ को देखते हुए चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अघोरेश्वर सिद्ध पीठ घाटों सहित प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन का खाका तैयार किया।

अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान दर्शकों के प्रवेश-निकास मार्ग, दर्शक दीर्घा, बैरिकेडिंग और संभावित दबाव वाले क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया और क्यू-मैनेजमेंट (कतार प्रबंधन) की पुख्ता व्यवस्था समय रहते पूरी की जाए, ताकि आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो।
पार्किंग, डायवर्जन और आपातकालीन व्यवस्था पर विशेष जोर
आयोजन के दौरान हजारों वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए चिन्हित पार्किंग स्थलों को भी परखा गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर जाम न लगे, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग और रूट डायवर्जन प्लान पहले से लागू रहेगा। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षित एग्जिट रूट और त्वरित रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और कार्यक्रम से पूर्व मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए हैं।