धानापुर। धानापुर थाना क्षेत्र के महराईया स्थित इंद्रा हॉस्पिटल में बिना डॉक्टरी डिग्री और अनुभव के प्रसूता का ऑपरेशन कर उसकी जान लेने वाले वांछित अस्पताल प्रबंधक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रबंधक ने पूछताछ में कबूल किया कि घटना के दिन मुख्य डॉक्टर के न आने पर उसने खुद ही महिला का ऑपरेशन कर दिया था, जिससे गलत नस कटने और किडनी को नुकसान पहुंचने से उसकी मौत हो गई।

ऑपरेशन के दौरान कटी नस, हुई थी दर्दनाक मौत
मामला धीना थाना क्षेत्र के ग्राम लखईपुर निवासी चन्द्रवली बिन्द की पुत्री सुमन से जुड़ा है। परिजनों ने सुमन को बीते 18 अगस्त को इलाज के लिए इंद्रा हॉस्पिटल महराईया में भर्ती कराया था। अगले दिन 19 अगस्त को कथित डॉक्टर इन्द्रजीत प्रजापति ने उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान लापरवाही से गलत नस कट गई और किडनी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसी रात सुमन की मौत हो गई।

सीएमओ की जांच रिपोर्ट के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा
घटना के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी चन्दौली की जांच रिपोर्ट और वादी की तहरीर के आधार पर थाना धानापुर में आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 185/2026, धारा 105 (भारतीय न्याय संहिता - गैर इरादतन हत्या) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना में जुटी थी।

मुखबिर की सूचना पर महराईया से दबोचा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक धानापुर सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार  की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर वांछित अभियुक्त इन्द्रजीत प्रजापति (24 वर्ष) पुत्र कमलेश प्रजापति निवासी महराईया, मूल निवासी रायपुर बम्हनियांव को इंद्रा हॉस्पिटल से हिरासत में ले लिया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह अस्पताल का मैनेजर है और सामान्यतः डॉक्टरों को बुलाकर ही मरीजों का इलाज कराता है। हालांकि घटना वाले दिन संबंधित डॉक्टर के न पहुंच पाने के कारण उसने खुद ही सर्जन बनकर महिला का ऑपरेशन कर डाला, जिसके चलते मरीज की जान चली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
सफलता पाने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, उप-निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्र, कांस्टेबल भानू प्रताप यादव तथा कांस्टेबल प्रवीण त्रिपाठी शामिल रहे।