चंदौली। नगर के आजाद नगर, किदवई नगर और प्रसिद्ध महावीर मंदिर के समीप विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। इन इलाकों में मुख्य मार्ग व गलियों में बिजली के तार जमीन से महज छह फीट की ऊंचाई पर लटक रहे हैं, जिससे हर पल किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, घरों में बिजली आपूर्ति करने वाला एक सर्विस तार टूटकर दूसरे तार के सहारे हवा में झूल रहा है, लेकिन शिकायत के बाद भी बिजली विभाग बेपरवाह बना हुआ है।

11 अक्टूबर से शुरू हो रहा नवरात्र, महावीर मंदिर में उमड़ेगी भीड़
आगामी 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र पर्व का शुभारंभ हो रहा है। इस दौरान महावीर मंदिर में दर्शन-पूजन और भव्य मेले के आयोजन के कारण प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। मंदिर मार्ग पर ही इतनी कम ऊंचाई पर तार लटकने से कोई भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि मार्ग से रोज भारी और ऊंचे वाहन गुजरते हैं। जरा सी चूक होने पर लटकते तार वाहनों में फंस सकते हैं, जिससे पूरे इलाके में हाईवोल्टेज करंट फैलने और बिजली आपूर्ति ठप होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

विभाग से अविलंब मरम्मत की मांग
नगर के रवि वर्मा‚ हिमांशु‚ संजय कुमार गुप्ता‚ आशीष‚ अरूण‚ सोनी जायसवाल सहित तमाम स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने नवरात्र पर्व शुरू होने से पूर्व ही लटकते तारों को दुरुस्त कराने और पोल-केबल व्यवस्था को व्यवस्थित करने की पुरजोर मांग की है।