चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्यवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जून माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान वध के लिए ले जाए जा रहे तीन गोवंश भी बरामद किए गए हैं।

पहली कार्रवाई में सैयदराजा पुलिस ने जमानिया-कंदवा मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक मैजिक वाहन (BR 45 GB 4264) को रोककर तलाशी ली। वाहन से दो गाय और एक बछिया बरामद हुई। मौके से पुलिस ने चालक उमेश कुमार (निवासी कैमूर, बिहार) और परिचालक ऋषिकेश कुमार (निवासी रोहतास, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ग्रामीण इलाकों से सस्ते दामों में गाय खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे।

वहीं दूसरी कार्रवाई में स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी गौतस्कर मनीष सिंह (39) को वाराणसी के लमही स्थित एक किराये के मकान से गिरफ्तार किया। आरोपी 5 जून 2026 को भतीजा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गया था, जिससे पुलिस ने 8 गोवंश (6 जीवित और 2 मृत) बरामद किए थे।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी मनीष ने स्वीकार किया कि वह पिकअप वाहन उसके पिता रामजीत सिंह के नाम पर पंजीकृत था। पुलिस दोनों मामलों में अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।