चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के परेवा गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 16 वर्षीय किशोरी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर फैल गई है।
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने आत्महत्या के कारणों के संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक (फील्ड यूनिट) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर बारीक साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि किशोरी ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके सही कारणों का पता लगाने के लिए हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है।