चंदौली में 4,598 मेधावी छात्रों के बैंक खातों में डीबीटी से भेजे गए 1.13 करोड़ रुपये। महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में सजीव प्रसारण के बीच विधायक सुशील सिंह ने बांटे छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र।
चंदौली। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) के पात्र छात्र-छात्राओं को शनिवार को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह लखनऊ स्थित लोकभवन सचिवालय में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने छात्रों को स्वीकृति पत्र सौंपे। प्रदेश भर में आयोजित इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) जनपद के महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के सभागार में हुआ।
डीबीटी के जरिए खातों में सीधे भेजी गई धनराशि
जनपद में इस योजना के तहत कुल 4,598 पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में ₹113.97 लाख (1.13 करोड़ रुपये से अधिक) की धनराशि सीधे प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
वर्गवार लाभान्वित छात्र और आवंटित धनराशि:-
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 2,631 छात्र — 73.89 लाख
अनुसूचित जाति (SC): 1,155 छात्र — 15.17 लाख
अल्पसंख्यक वर्ग: 492 छात्र — 15.31 लाख
सामान्य वर्ग: 320 छात्र — 9.60 लाख
विधायक सुशील सिंह ने बांटे प्रमाण पत्र
महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित मुख्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने अपने कर-कमलों से छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही जिले के अन्य सभी शिक्षण संस्थानों में भी सजीव प्रसारण के साथ छात्र-छात्राओं को स्वीकृति पत्र बांटे गए।
समारोह में मुगलसराय विधायक प्रतिनिधि बृजेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।