चंदौली। स्पेशल टेट में शामिल करने और सुपर टेट में छूट देकर शिक्षक पद पर समायोजन समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षामित्रों ने सोमवार को बिछियां स्थित धरनास्थल पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षामित्रों ने अपनी लंबित मांगों को मजबूती से उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। धरना-प्रदर्शन के अंत में शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि तहसीलदार सदर एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष इन्द्रजीत यादव "अजीत" ने कहा कि संगठन के निरंतर प्रयासों और सरकार के साथ सकारात्मक संवाद के फलस्वरूप मानदेय में वृद्धि के साथ शिक्षामित्रों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिला है। हालांकि, कई महत्वपूर्ण मांगें अब भी लंबित हैं। उन्होंने मांग की कि टीईटी उत्तीर्ण एवं एनसीटीई के मानकों को पूर्ण करने वाले लगभग 60 हजार शिक्षामित्रों को सुपर टेट से छूट देकर सीधे शिक्षक पद पर समायोजित किया जाए। साथ ही, 3 जनवरी 2025 को जारी स्थानांतरण आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
Dharana 2                                         धरना स्थल पर भारी संख्या में उपस्थित शिक्षामित्र
शिक्षामित्रों ने अपनी अन्य प्रमुख मांगों में योग्यता व अनुभव के आधार पर सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने, परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाले स्पेशल टेट में शिक्षामित्रों को अवसर देने तथा 11 माह के स्थान पर 12 माह का मानदेय देने की बात रखी। इसके अतिरिक्त, समायोजन रद्द होने के बाद असमय काल कवलित हुए शिक्षामित्रों के आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

इसके साथ ही शिक्षामित्रों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को अपनी पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द समाधान की अपील की। कार्यक्रम में अजीत तिवारी, नर्वदेश्वर मिश्रा, आलोक गुप्ता‚ सियाराम राय, लालजी राम, नरसिंह, कैलाश, संतोष कोल, बृजमोहन सिंह, मोहम्मद युनूस, फैयाज, उदय, पंकज तिवारी, राजन राय, श्याम नारायण बिंद, श्यामदुलारी, ऋषिकांत, संजय जैन, प्रभाकर शर्मा, रामकरन, अनिल जायसवाल, आशुतोष मौर्या, पूजा सिंह, शीला सिंह, मीरा, अंजू, धर्मेन्द्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री राजेश कुमार सिंह ने किया।