चंदौली। 'सेवा में संकल्प' अभियान के अंतर्गत आईटीआई कॉलेज रेवसा के प्रांगण में 'विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश' की थीम पर जिला स्तरीय कला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद भर के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए शानदार चित्र उकेरे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह जी रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल और चकिया विधायक कैलाश आचार्य जी उपस्थित रहे।

नन्हे कलाकारों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग
कड़े मुकाबले के बीच नन्हे कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट सोच और रंगों के माध्यम से विकासशील भारत की सुंदर तस्वीर पेश की‚ जिसमें कम्पोजिट विद्यालय अलीनगर (नियामताबाद) की प्रतिभावान छात्रा प्रिया कुमारी ने अपनी मनमोहक कलाकृति के बल पर पहला स्थान हासिल कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं यूपीएस चकिया के छात्र निहाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और उच्च प्राथमिक विद्यालय बगही (धानापुर) की छात्रा अनुप्रिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।

अतिथियों ने विजेताओं को सराहा
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह व उपस्थित विधायकों ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में छिपी प्रतिभा को नया मंच मिलता है और उनमें 'विकसित भारत' की भावना को बल मिलता है।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, एआरपी वंदना वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।