चंदौली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत जनपद के विभिन्न ब्लॉकों की समूह सखियों, बैंक सखियों और बुककीपर्स ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को धरना स्थल बिछयां में जोरदार प्रदर्शन और पंचायत की। इस दौरान उपजिलाधिकारी (सदर) को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। एसडीएम सदर ने आश्वस्त किया कि मांग पत्र शासन को भेजा जाएगा और स्थानीय स्तर की समस्याओं का संवेदनशील समाधान किया जाएगा।
समूह सखी संघर्ष मोर्चा की संयोजक एवं प्रवक्ता राजेश्वरी चतुर्वेदी तथा अध्यक्ष गीता मौर्या ने बताया कि एनआरएलएम कर्मी बिना किसी अवकाश के रोजाना 8 घंटे से अधिक काम करती हैं। एक-एक सखी औसतन 15 समूहों का संचालन, साप्ताहिक बैठकें, लेनदेन का लेखा-जोखा और सरकारी योजनाओं की निगरानी संभालती हैं। इसके अलावा लोकोस ऐप पर डाटा अपलोड करने, लखपति दीदी, कर्मयोगी और आजीविका सखी जैसे डिजिटल कार्यों का आर्थिक बोझ भी वे खुद उठाती हैं।

प्रदर्शनकारियों ने श्रम मानकों के अनुरूप कम से कम 14 हजार रुपये न्यूनतम मानदेय तय करने, बीएमएम, आंगनबाड़ी व शिक्षामित्रों की तर्ज पर सेवा नियमित करने, सरकारी स्मार्टफोन, डाटा भत्ता और मेडिकल कवर देने की मांग की। संगठन की पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं हुआ तो जिलेभर की समूह सखियां लखनऊ कूच करने को बाध्य होंगी।
धरना की अध्यक्षता सरस्वती देवी और संचालन राजेश्वरी चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान सचिव कृष्णावती, सुभावती, उषा, सरिता सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।