चंदौली। बुनियादी शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में जनपद का बेसिक शिक्षा विभाग नित नए प्रयोग कर रहा है। इसी क्रम में सकलडीहा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय केशवपुर में विद्यार्थियों को 'मॉनिटर बैज' एवं 'आउट पास' प्रदान किए गए। इस अभिनव पहल के माध्यम से जहां एक ओर नौनिहालों में बचपन से ही नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना जागृत की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आउट पास के जरिए उन्हें विद्यालयी नियमों और अनुशासन का सहज पाठ पढ़ाया जा रहा है।

मामले की जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केशवपुर विद्यालय में शुरू किया गया मॉनिटर बैज और आउट पास का प्रयोग बच्चों में आत्म-विश्वास, सामाजिक दायित्व और अनुशासित जीवन की मजबूत नींव रखेगा। इस तरह की व्यावहारिक गतिविधियां बच्चों को विद्यालयी व्यवस्था में सक्रिय सहभागी बनाती हैं और उनमें आत्म-अनुशासन की भावना विकसित करती हैं।

बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य ऐसी गतिविधियों को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना है ताकि ग्रामीण अंचल के बच्चे भी जिम्मेदार नागरिक बन सकें। बीएसए ने कहा कि जनपद के अन्य प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी इस प्रकार के सफल एवं अभिनव प्रयोगों को तेजी से बढ़ावा दिया जाएगा।