चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सरौली गांव के समीप मंगलवार शाम गंगा नदी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर प्रयागराज के बलुआ घाट, तिलक रोड निवासी तुषार मित्तल (40) पुत्र राकेश मित्तल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तुषार मित्तल बीते 25 सितंबर को अपने घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा लगातार उनकी खोजबीन की जा रही थी। इस दौरान प्रयागराज में यमुना नदी के पुराने पुल के पास उनकी बाइक लावारिस हाल में खड़ी मिली थी, जिसके बाद से परिजन किसी अनहोनी की आशंका में उनकी तलाश में जुटे हुए थे।
मंगलवार शाम सरौली गांव के पास गंगा नदी में एक शव बहता देख ग्रामीणों ने बलुआ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और तलाशी ली, तो जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से मृतक की शिनाख्त हो सकी।
बलुआ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पास मौजूद ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पहचान स्थापित कर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।