चंदौली। नेशनल हाईवे पर अलीनगर थाना क्षेत्र के लौदा गांव के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में मैजिक चालक की मौके पर ही  मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अलीनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। हाईवे से गुजर रही तेज रफ्तार मैजिक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। जिससे चालक मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकलवाया।
Maut

पहचान में आ रही दिक्कत, मोबाइल भी टूटा

मृतक की उम्र लगभग 38 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे तत्काल उसकी शिनाख्त हो सके। वहीं हादसे में चालक का मोबाइल फोन भी पूरी तरह से टूट गया है, जिससे परिजनों से संपर्क करने और पहचान जुटाने में अलीनगर पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के सभी थानों और जिलों की पुलिस को सूचित कर दिया गया है। जल्द ही पहचान कराकर परिजनों को सूचना दी जाएगी।