सदर विकासखंड का मद्धूपुर- पूरवा मार्ग जर्जर होने से दर्जनों गांवों का आवागमन में हो रही दिक्कतें। गड्ढों और जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की है।
चंदौली। सदर विकासखंड अंतर्गत मद्धूपुर-पूरवा मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। लंबे समय से विभागीय अनदेखी और मरम्मत न होने के कारण सड़क पूरी तरह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की गिट्टियां उखड़ जाने और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन बेहद कठिन और जोखिमभरा हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार शासन व जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन विभाग की उदासीनता के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में जलभराव हो जाने से राहगीरों के लिए रास्ता पहचानना मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है। लोग गड्ढों से बचने के लिए सड़क की पटरियों से होकर गुजरने को मजबूर हैं, जिससे हर समय किसी अप्रिय घटना या दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
विभाग की इस उपेक्षात्मक कार्यशैली से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इन्द्रजीत मौर्या‚ अजय विश्वकर्मा‚ संजय सिंह, पंकज सिंह, सुनील शर्मा, संदीप सिंह, कैलाश यादव, रामशरण, सत्येंद्र सिंह, विकास सिंह, बंटी सिंह, रामसूरत यादव एवं मुरारी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों ने जनहित में जल्द से जल्द मधुपुर पूरवा मार्ग का नवनिर्माण अथवा मरम्मत कार्य शुरू कराने की पुरजोर मांग की है।