चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का नाम एक बार फिर राज्य और राष्ट्रीय पटल पर रोशन हुआ है। जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित दिया गांव के निवासी और 17वीं विशेष सशस्त्र बल वाहिनी कबीरधाम में कार्यरत आरक्षक (आरक्षक क्रमांक 359) गोरखनाथ यादव ने 7वीं राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।
छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से 200 से अधिक उत्कृष्ट योग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सीनियर-B वर्ग में मुकाबला काफी कठिन था, जिसमें खिलाड़ियों को कठिन आसनों और शारीरिक स्थिरता का प्रदर्शन करना था। गोरखनाथ यादव ने FOP-2 प्लेटफॉर्म पर एडवांस लेवल के बेहद कठिन योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसे देखकर निर्णायकों ने उन्हें सर्वसम्मति से प्रथम स्थान देकर स्वर्ण पदक से नवाजा।
पुलिस की व्यस्त और तनावपूर्ण ड्यूटी के बावजूद गोरखनाथ रोजाना 3 से 4 घंटे योगाभ्यास करते हैं। उनकी इस उपलब्धि और अनुशासन ने न केवल उनके गांव दिया और चंदौली जिले को गौरवान्वित किया है, बल्कि पुलिस महकमे के जवानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बने हैं।