कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने राजस्व वसूली और IGRS निस्तारण में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। सभी उपजिलाधिकारियों को लक्ष्य पूरा करने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी गई है।
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कर-करेत्तर, राजस्व वसूली एवं आईजीआरएस (IGRS) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वसूली और नामांतरण कार्यों में लापरवाही पर अधिकारियों की जमकर क्लास लगी। डीएम ने दोटूक कहा कि कार्य में कोताही पर जवाबदेही तय की जाएगी।
समीक्षा के दौरान अंश संशोधन और राजस्व मुकदमों के निस्तारण में खराब प्रदर्शन पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों (SDM) को एक सप्ताह के भीतर कार्यशैली में सुधार लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की हिदायत दी। साथ ही व्यापार कर, स्टांप, आबकारी, खनन और विद्युत विभाग को चालू वित्तीय वर्ष के तय लक्ष्य समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
डीएम गर्ग ने जनसुनवाई को लेकर कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी अधिकारी कार्य दिवसों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याएं सुनें। यदि अधिकारी किसी कारणवश अनुपस्थित रहते हैं तो किसी सक्षम अधीनस्थ को इसके लिए नामित करें। फरियादियों के फोन कॉल पर फीडबैक लेकर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एडीएम (वित्त व राजस्व) राजेश कुमार, एडीएम (न्यायिक) रतन वर्मा, समस्त उपजिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।