गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और 2 अक्टूबर को सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करने के सख्त निर्देश दिए।
चंदौली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जनपदस्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा हेतु बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कार्यक्रमों के भव्य आयोजन, कानून-व्यवस्था और व्यापक सफाई व्यवस्था को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती जनपदभर में पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जयंती से पूर्व जिले के सभी प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, सरकारी दफ्तरों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सफाई में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि धरातल पर स्वच्छता का असर नजर आना चाहिए।
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट आदेश जारी किया कि 02 अक्टूबर की सुबह ठीक 9:00 बजे जनपद के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने विभागाध्यक्षों को अपने दफ्तरों को सुसज्जित रखने और सभी उप जिलाधिकारियों (SDM) को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा सहित सभी तहसीलों के एसडीएम और जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।