गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली द्वारा आलोक इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। सचिव निकिता गौड़ ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला व बाल अधिकार तथा निःशुल्क कानूनी सहायता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आलोक इंटर कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ की अध्यक्षता में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए सचिव निकिता गौड़ ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रमुख प्रावधानों और गुड टच व बैड टच के अंतर को समझाया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी असुरक्षित स्पर्श का तुरंत विरोध करें और बिना डरे इसकी जानकारी माता-पिता या शिक्षकों को दें। उन्होंने शिक्षकों व विद्यालय प्रशासन से भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला कल्याण विभाग की जन-कल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों—नालसा (15100), चाइल्ड लाइन (1098), महिला हेल्पलाइन (1090 व 181)—की जानकारी दी गई, ताकि बेटियां विषम परिस्थितियों में अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकें।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर आजाद बहादुर गुप्ता‚ प्रिंसिपल डा. आनन्द गुप्ता‚ आरती गुप्ता‚ राजेश तिवारी‚ अनिल श्रीवास्तव‚ मुनक्का मौर्या‚ मनोज श्रीवास्तव‚ हरिशंकर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।