गांधी जयंती के अवसर पर चंदौली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय में पॉक्सो एक्ट और महिला अधिकारों पर शिविर आयोजित किए गए।
चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली द्वारा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला एवं बाल अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता को लेकर एक विशेष विधिक जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसका पहला चरण 25 सितंबर से 01 अक्टूबर तक और द्वितीय चरण 02 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, चंदौली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ की अध्यक्षता में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी प्रथम सुश्री शिवानी ने छात्राओं और उपस्थित लोगों को पॉक्सो एक्ट, महिला व बाल अधिकारों तथा राज्य द्वारा प्रदान की जाने वाली मुफ्त कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग की जन-कल्याणकारी योजनाओं सहित संकट के समय उपयोगी आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे- नालसा हेल्पलाइन (15100), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), तथा महिला हेल्पलाइन (1090 व 181) की जानकारी दी गई, ताकि छात्राएं जागरूक होकर विषम परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं, कर्मचारी और पीएलवी मौजूद रहे।
वहीं, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय में भी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें सिविल जज (सीनियर डिवीजन) इशरत परवीन फारूकी और सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी द्वितीय सुश्री ईशा राय ने मुख्य रूप से उपस्थित रहकर पॉक्सो एक्ट-2012 के विभिन्न कानूनी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्राधिकरण के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।