धानापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनहुली गांव में गुरुवार की रात एक दुखद घटना सामने आई। घर की मड़ई में सो रहे 55 वर्षीय प्राइवेट शिक्षक मनई राम को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनहुली निवासी मनई राम (55) गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर की मड़ई में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर आनन-फानन में परिजन उन्हें डेढावल चौकी स्थित एक निजी होम्योपैथी चिकित्सक के पास ले गए। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी हालत और खराब होने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मनई राम अमादपुर स्थित हरदेव इंटर कॉलेज में प्राइवेट शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में एक बेटा और पांच बेटियां हैं, जिनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। घर के मुखिया और इकलौते कमाऊ सदस्य की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।