धानापुर थाना क्षेत्र स्थित बिरना गांव में चोरों ने एक बंद पड़े नवनिर्मित मकान को निशाना बनाकर ₹1.60 लाख नगदी व सामान पार कर दिया। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
कमालपुर। धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में चोरों का दुस्साहस सामने आया है। बेखौफ चोरों ने एक बंद पड़े नवनिर्मित मकान का ताला तोड़कर कमरे में रखी 1.60 लाख की नगदी और कीमती घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिरना गांव निवासी भानू चौहान ने गांव की बाहरी सीमा पर एक नया मकान बनवाया है, जो फिलहाल बंद पड़ा था। पीड़ित के मुताबिक, मकान में लगभग 1.60 लाख रुपये नगद और कुछ अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था। चोर मकान के पिछले रास्ते से भीतर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

मकान मालिक को जब घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को जांच के दौरान इलाके से महत्वपूर्ण CCTV फुटेज हाथ लगे हैं, जिनमें संदिग्ध चोर कैद नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया, "नवनिर्मित मकान में चोरी की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार 1.60 लाख रुपये नगद व सामान चोरी हुआ है। CCTV फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का सफल खुलासा किया जाएगा।"