चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव में बुधवार शाम पोखर में डूबने से 13 वर्षीय दिव्यांग किशोरी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव में बुधवार देर शाम एक दुखद हादसा सामने आया, जहां पोखर में डूबने से 13 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह किशोरी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतका की पहचान 13 वर्षीय आरजू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले की रहने वाली थी। वह बीते करीब एक वर्ष से अपने नाना रामदुलार के घर बभनियांव गांव में रहकर पढ़ाई और पालन-पोषण कर रही थी। परिजनों के अनुसार, आरजू शारीरिक रूप से दिव्यांग थी उसका एक हाथ और एक पैर काम नहीं करता था।
बुधवार देर शाम वह किन परिस्थितियों में पोखर तक पहुंची और कैसे उसमें गिरी, इसको लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर धानापुर थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।