धानापुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत आवाजापुर गांव में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक मकान में छत के रास्ते दाखिल होकर अलमारी और बक्सा तोड़कर करीब 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के गहने और नकद पार कर दिए। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और पुलिस गश्त की पोल खुलती नजर आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवाजापुर निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ मलिंगा के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर की छत के रास्ते अंदर घुसे और बक्से-अलमारी के ताले तोड़कर सामान खंगाल डाला। चोरों ने धर्मेंद्र की मां किरन सिंह को नींद का स्प्रे सुंघा दिया, जिससे वे अचेत पड़ी रहीं। रात करीब 2:30 बजे जब धर्मेंद्र सिंह की नींद खुली, तो घर के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा देख उनके होश उड़ गए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरों ने घर से सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, सोने की बाली, तीन सोने की अंगूठी, चांदी के सिक्के, गिलास, चम्मच, कटोरी, थाली और पान-सुपारी सहित 10 हजार रुपये नकद पार कर दिए। चोरी गए समस्त आभूषणों और नकदी की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

इलाके में चोरों का बढ़ा दुस्साहस
धानापुर थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में देवी मां के मंदिर, बिरना गांव में भानु मौर्य के घर, हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट, और नरौली काली मंदिर से 20 किलो का घंटा व चांदी की आंखें चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में डर और असुरक्षा का माहौल है।

घटनाओं के संबंध में सकलडीहा क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चोरों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।