चंदौली। सदर विकासखंड में लोकआस्था के पावन पर्व 'जितिया (जीवितपुत्रिका)' के अवसर पर ग्राम सभा नेगुरा की चौहान बस्ती में सफाई कर्मियों की लापरवाही और ग्रामीणों द्वारा स्वयं फरसा व झाड़ू उठाकर पूजा स्थल की सफाई करने की खबर को 'चंदौली दर्पण' द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। खबर का संज्ञान लेते ही संबंधित विभाग और सफाई कर्मी हरकत में आए तथा आनन-फानन में मौके पर पहुंचकर पूजा स्थल की वृहद स्तर पर साफ-सफाई शुरू कर दी।

​खबर छपते ही हरकत में आया विभाग
गौरतलब है कि जितिया पूजा स्थल पर उगी घास-फूस और फैली गंदगी की सुध न लेने पर ग्रामीणों में गहरा रोष था, जिसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही कमान संभालकर फरसा और झाड़ू से सफाई की थी। इस जनसमस्या और कर्मचारियों की उदासीनता को 'चंदौली दर्पण' ने प्रमुखता से उजागर किया था। खबर प्रकाशित होते ही प्रशासनिक गलियारे में खलबली मच गई और उच्चाधिकारियों के कड़े रुख को देखते हुए बेपरवाह सफाई कर्मियों को तत्काल मौके पर दौड़ना पड़ा।

खबर का असर यह हुआ कि सफाई कर्मी झाड़ू और सफाई उपकरणों के साथ चौहान बस्ती स्थित जितिया पूजा स्थल पहुंचे। उन्होंने बचे हुए हिस्सों से उगी घास को साफ किया, झाड़ू लगाकर कचरा हटवाया और परिसर में चूने का छिड़काव कर स्थल को पूजा-अर्चना के लिए पूरी तरह सुसज्जित किया।

​ग्रामीणों ने 'चंदौली दर्पण' का जताया आभार
सफाई कर्मियों को काम पर जुटते देख बस्ती के ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने निष्पक्ष और असरदार पत्रकारिता के लिए 'चंदौली दर्पण' की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर मीडिया ने उनकी आवाज को प्रमुखता से न उठाया होता, तो शायद जिम्मेदार अपनी नींद से न जागते। इस त्वरित कार्रवाई से अब माताएं-बहनों को जितिया पर्व का पूजन करने में किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।