चंदौली। सदर ब्लॉक मुख्यालय पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के लिए 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने अपनी कूची और रंगों के जादू से विकसित भारत की सुंदर परिकल्पना को कैनवास पर जीवंत कर दिया।
​प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए डिजिटल इंडिया, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और आत्मनिर्भर भारत जैसे सामयिक व महत्वपूर्ण विषयों पर एक से बढ़कर एक चित्र बनाए। बच्चों के बनाए चित्रों में देश की प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की झलक साफ दिखाई दे रही थी।
Sammanविजेताओं को शील्ड और स्टेशनरी किट देकर किया गया पुरस्कृत।
​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीईओ राजेश चतुर्वेदी और अतिथियों ने बच्चों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की। बीईओ ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में छिपी रचनात्मक क्षमता बाहर आती है और उनमें राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच का संचार होता है।
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच शीर्ष विजेताओं को शील्ड और स्टेशनरी किट देकर पुरस्कृत किया गया, जबकि प्रतिभाग करने वाले अन्य सभी बच्चों को स्टेशनरी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
​इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक आनंद सिंह, राजेश सिंह, विजय बहादुर सिंह और एआरपी वंदना वर्मा, प्रवीण उपाध्याय, प्रितेश उपाध्याय, हरिश रावत, हरगोविंद सिंह, राजकुमार त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक व प्रतिभागी उपस्थित रहे।