चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) सदर पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) राजेश चतुर्वेदी के स्थानांतरण पर एक भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला शिक्षक संघ चंदौली की टीम, एआरपी (ARP) सदस्यों तथा बीआरसी स्टाफ ने उन्हें स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और उनके सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चतुर्वेदी के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव शिक्षकों के हितों और परिषदीय शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए कार्य किया। महिला शिक्षक संघ की पदाधिकारियों एवं एआरपी टीम ने उनके कार्यकुशल नेतृत्व, सहज व्यवहार और सहयोगात्मक रवैये की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
विदाई की इस घड़ी में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (ARP) वंदना वर्मा, प्रवीण उपाध्याय, प्रीतेश उपाध्याय, हरगोविंद सिंह, राजकुमार त्रिपाठी, हरीश रावत, सकलडीहा से एआरपी आलोक त्रिपाठी, प्रशांत त्रिपाठी तथा नियामताबाद से एआरपी अनुराधा विशेष रूप से मौजूद रहीं। वहीं महिला शिक्षक संघ चंदौली का प्रतिनिधित्व करते हुए सुनीता तिवारी, ईरा सिंह और प्रिया रघुवंशी ने अपनी पूरी टीम की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में बीआरसी सदर के अविनाश, संदीप, रंजीत, विवेक, प्रकाश सहित क्षेत्र के तमाम शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहकर विदाई क्षणों के साक्षी बने।