चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर डंपर और ट्रक में भीषण भिड़ंत हो गई। नींद की झपकी आने से हुए इस हादसे में रोहतास निवासी 20 वर्षीय परिचालक की दर्दनाक मौत हो गई।
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाफरपुर गांव के समीप शनिवार तड़के नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 6:00 बजे आगे चल रहे एक डंपर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन चला रहे 20 वर्षीय परिचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान रमेश यादव (20 वर्ष), पुत्र रंगनाथ, निवासी कोचस (जिला रोहतास, बिहार) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान मुख्य ट्रक चालक को तेज नींद आ रही थी, जिसके चलते उसने गाड़ी की कमान अपने परिचालक रमेश को सौंप दी थी। रमेश ट्रक लेकर आगे बढ़ ही रहा था कि अचानक उसे नींद की झपकी आ गई। इसके चलते ट्रक से नियंत्रण खो गया और वह सीधे आगे चल रहे डंपर में जा घुसा।
हादसा होते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद आगे चल रहा डंपर चालक अपना वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद परिचालक के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।