चंदौली के सैयदराजा में आयोजित 4 दिवसीय 70वीं राज्यस्तरीय वुशू प्रतियोगिता का समापन हो गया। मेरठ मंडल ने 92 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, वहीं मिर्जापुर मंडल रनर-अप रहा।
चंदौली। सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित चार दिवसीय '70वीं राज्यस्तरीय माध्यमिक विद्यालयी वुशू (मार्शल आर्ट्स) प्रतियोगिता' का रविवार को शानदार प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। स्पर्धा में 92 अंक हासिल कर मेरठ मंडल ने बालक व बालिका दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि 35 अंकों के साथ मिर्जापुर मंडल रनर-अप रहा। वाराणसी मंडल को तीसरा स्थान मिला।
11 मंडलों के 220 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 मंडलों से आए अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के लगभग 220 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चार दिनों तक चले इस आयोजन में राज्यभर से आए बाल एथलीटों ने 'ताउलु' और 'सांडा फाइटिंग' स्पर्धाओं में अपने कौशल और शक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। समापन समारोह के दौरान माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विधायक सुशील सिंह का बड़ा ऐलान: राज्य और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को मिलेगी आर्थिक मदद
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने विजेताओं को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "खेल केवल प्रतिस्पर्धा का जरिया नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस भरता है।"
इस दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यदि सैयदराजा का कोई खिलाड़ी राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगा, तो उसे 51 हजार रुपये और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने पर 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। कार्यक्रम में मेरठ की अंतरराष्ट्रीय वुशू खिलाड़ी श्रेया को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
खेलों को बढ़ावा दे रही सरकार: हरेंद्र राय
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य हरेंद्र राय ने कहा कि सरकार की खेल-समर्थक नीतियों के कारण ही आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय खिलाड़ी रिकॉर्ड मेडल जीत रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखने और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक मुकेश कुमार केसरी, वाराणसी मंडल के विभिन्न प्रधानाचार्य, 11 मंडलों से आए कोच, स्काउट-गाइड के कैडेट्स और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।