चकिया कोतवाली क्षेत्र के कौड़ीहार गांव में बुधवार रात ट्रांसफार्मर के सपोर्टिंग तार की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक बॉबी कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के कौड़ीहार गांव में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर से बाहर निकले 20 वर्षीय युवक की ट्रांसफार्मर के सपोर्टिंग तार में उतरे बिजली के करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के डिग्घी गांव निवासी रामदुलारे का 20 वर्षीय पुत्र बॉबी कुमार पिछले कुछ समय से कौड़ीहार गांव स्थित अपने मामा पवन के घर पर रह रहा था। बुधवार की देर रात बॉबी शौच के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान वह गांव में लगे ट्रांसफार्मर के पास से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि अर्थिंग में गड़बड़ी के कारण ट्रांसफार्मर को सहारा देने के लिए बांधे गए सपोर्टिंग तार में अचानक करंट उतर आया था।
अंधेरे में बॉबी का हाथ या शरीर उस तार के संपर्क में आ गया, जिससे वह भीषण करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पाकर चकिया कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मामले के संबंध में कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि युवक अपने मामा के घर रह रहा था। देर रात ट्रांसफार्मर के स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।